सतना। उचेहरा थाना क्षेत्र के भरहटा गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को अज्ञात लोगों ने मंगलवार देर रात क्षतिग्रस्त कर दिया। बुधवार सुबह ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली। इसके बाद गांव में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने नागौद-उचेहरा मार्ग पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, इससे पहले 10 अप्रैल को भी प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया गया था। उस समय प्रतिमा पर कालिख पोतने की घटना सामने आई थी। दोबारा प्रतिमा को नुकसान पहुंचाए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीण आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और प्रतिमा की सुरक्षा की व्यवस्था करने की मांग कर रहे हैं। चक्काजाम के कारण नागौद-उचेहरा मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ है।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने नागौद-उचेहरा मार्ग का यातायात डायवर्ट कर दिया है। करीब 7 किलोमीटर पहले पोड़ी तिराहे से वाहनों को पतौरा, लोहरौरा और रामपथ गमन मार्ग से निकाला जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। पुलिस अज्ञात आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। तनाव को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।