नीमच। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस सेवादल के संस्थापक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और राष्ट्रसेवी डॉ. नारायण सुब्बाराव हार्डिकर की पुण्यतिथि मंगलवार को नीमच स्थित कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस दौरान कांग्रेस सेवादल और कांग्रेस के वरिष्ठजनों ने डॉ. हार्डिकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित कांग्रेसजनों और सेवादल कार्यकर्ताओं ने डॉ. एन.एस. हार्डिकर के स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्र निर्माण और अनुशासित संगठन के निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस सेवादल को मजबूत और सक्रिय बनाने की दिशा में नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए। मनीष बैरागी, गजेन्द्र सिंह चन्द्रावत, हरीशचन्द्र पाटीदार, हमीद भाई मंबूरी, वी.पी. सिंह, नग्गूलाल, इफ्तेखार हुसैन, रईस खान पठान, शाहरुख चौधरी और संदीप सोनी को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
इसके बाद सेवादल कार्यकर्ताओं ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर मरीजों को फल वितरित किए। इस दौरान सेवा और सामाजिक सरोकार के माध्यम से डॉ. हार्डिकर के विचारों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।
कांग्रेस सेवादल के जिला अध्यक्ष गजेन्द्र यादव ने कहा कि डॉ. नारायण सुब्बाराव हार्डिकर प्रमुख स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, राजनेता और कांग्रेस सेवादल के संस्थापक थे। उन्होंने युवाओं और नागरिकों को अनुशासन, सेवा और संगठन के माध्यम से राष्ट्रहित के लिए तैयार करने के उद्देश्य से वर्ष 1923 में सेवादल की स्थापना की थी। उन्होंने कहा कि आज भी सेवादल कार्यकर्ता उनके आदर्शों और विचारों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।