दतिया। जिले में सुबह से हो रही लगातार झमाझम बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। तेज बारिश के चलते शहर की कई सड़कें जलमग्न हो गईं और जगह-जगह पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भारी बारिश का अनुमान जताते हुए दतिया के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इसी बीच बारिश के दौरान नगर के वार्ड क्रमांक 16 में एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। बताया जा रहा है कि यह मकान दुर्गा प्रसाद प्रजापति का था। गनीमत रही कि मकान गिरने के समय कोई जनहानि नहीं हुई।
दुर्गा प्रसाद प्रजापति का कहना है कि उनका परिवार लंबे समय से कच्चे मकान में रहने को मजबूर है। उनका आरोप है कि पात्र होने के बावजूद उन्हें अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। बारिश में मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों की परेशानी बढ़ जाती है। ऐसे में प्रशासन को पात्र परिवारों की स्थिति का तत्काल जायजा लेकर उन्हें आवास योजना का लाभ दिलाने की जरूरत है।
अब सवाल यह है कि बारिश से पहले और बारिश के बाद प्रशासन ऐसे जरूरतमंद परिवारों की सुध कब लेगा और दुर्गा प्रसाद प्रजापति जैसे पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ आखिर कब मिलेगा?