नीमच। आयुष विभाग के अंतर्गत शासकीय आयुर्वेद औषधालय मनासा एवं शासकीय आयुर्वेद औषधालय जमुनिया कला द्वारा मंगलवार को स्वास्थ्य एवं आयुर्वेद जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में नागरिकों एवं विद्यार्थियों को आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति, स्वस्थ जीवनशैली और विभिन्न रोगों से बचाव के संबंध में जानकारी दी गई।
मनासा में 39 लोगों को मिला लाभ-
शासकीय आयुर्वेद औषधालय मनासा द्वारा पुराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थित टीकाकरण केंद्र में निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर लगाया गया। इसमें आमवात, संधिवात, उदर रोग, विबंध, श्वास, कास, प्रतिश्याय, रक्ताल्पता, उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह सहित विभिन्न रोगों की जांच कर निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया।
शिविर में तनाव प्रबंधन, नशामुक्ति, स्वच्छता एवं मौसमी बीमारियों से बचाव की जानकारी भी दी गई। कुल 39 लाभार्थियों ने शिविर का लाभ लिया। आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदनलाल पाटीदार ने सेवाएं दीं। संतोष बैरागी, चीनू मालवीय, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं सुशीला खिंचावत ने सहयोग किया।
जमुनिया कला में विद्यार्थियों को किया जागरूक-
शासकीय आयुर्वेद औषधालय जमुनिया कला द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को आयुर्वेद के महत्व, स्वस्थ दिनचर्या, ऋतुचर्या, संतुलित आहार एवं व्यक्तिगत स्वच्छता के बारे में जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को उचित खान-पान, पर्याप्त नींद, नियमित व्यायाम और योग को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में 69 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। डॉ. विमला पाटीदार एवं भावना बैरागी ने सेवाएं प्रदान कीं।
शिविरों का उद्देश्य आमजन एवं विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आयुर्वेद आधारित स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।