इंदौर। अमेरिकी वीजा नीति और भारतीयों पर बढ़ती सख्ती को लेकर मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपने चुटीले अंदाज में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर तंज कसा। उन्होंने कहा, “हमारे ट्रंप फूफा सुबह क्या करेंगे, शाम को क्या करेंगे, किसी को नहीं पता।” विजयवर्गीय ने कहा कि अगर वह किसी मुद्दे पर अभी बयान दे दें और शाम तक ट्रंप अपना फैसला या बयान बदल दें तो उनका जवाब ही गलत साबित हो जाएगा। इसलिए उन्होंने इस मामले पर कोई स्पष्ट राजनीतिक प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया।
शक्कर की कीमतों पर बोले- 40 के ऊपर बिल्कुल नहीं खाना चाहिए
अमेरिका की नीति के बाद विजयवर्गीय ने शक्कर की बढ़ती कीमतों और इस्तेमाल को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए शक्कर नियंत्रित कीमत पर उपलब्ध होनी चाहिए, लेकिन 40 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को शक्कर से दूरी बनानी चाहिए।
विजयवर्गीय ने कहा, “40 के ऊपर शक्कर बिल्कुल नहीं खाना चाहिए।” उन्होंने शक्कर के बजाय गुड़ को बेहतर विकल्प बताते हुए आयुर्वेद का भी हवाला दिया।
कविता पाटीदार के भावुक होने पर बोले- आज गर्व होता है
बीजेपी की राष्ट्रीय मंत्री बनने के बाद कविता पाटीदार का कैलाश विजयवर्गीय के पैर छूने और भावुक होने का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। इस पर विजयवर्गीय ने कविता से जुड़े पुराने संस्मरण साझा किए।
उन्होंने बताया कि जब वह युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष थे, तब एक कार्यक्रम के सिलसिले में महू गए थे। उस दौरान स्वर्गीय भेरूलाल पाटीदार ने उन्हें अपने घर बुलाया था। विजयवर्गीय के मुताबिक उस समय कविता काफी छोटी थीं और स्कूल जाती थीं। उन्होंने कहा कि आज भी उन्हें कविता की स्कूल बैग लेकर चलती हुई तस्वीर याद है और आज उनका बीजेपी की राष्ट्रीय मंत्री बनना गर्व की बात है।
‘क्लीन इंदौर’ के बाद अब ‘ग्रीन इंदौर’ का लक्ष्य
इंदौर में चल रहे पौधारोपण अभियान को लेकर विजयवर्गीय ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और ग्लोबल वार्मिंग आज पूरी दुनिया के सामने बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि इंदौर ने स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है और अब शहर को हरियाली के मामले में भी आगे बढ़ाना है।
विजयवर्गीय ने कहा, “क्लीन तो हमने किया, अब ग्रीन करें।”
उन्होंने बताया कि शहर के अलग-अलग हिस्सों में बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जा रहा है। सुपर कॉरिडोर क्षेत्र में भी हजारों पौधे लगाने की योजना है। एक बड़े क्षेत्र में करीब 20 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य है, जबकि भविष्य में यहां एक लाख से ज्यादा पेड़ लगाए जाने की संभावना है।
एक पेड़ नहीं पनपा तो 10 नए पौधे लगाने के निर्देश
सड़क चौड़ीकरण और विकास कार्यों के दौरान पेड़ों को दूसरी जगह लगाने के बाद उनके नहीं पनपने की स्थिति पर भी विजयवर्गीय ने निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि स्थानांतरित किया गया पेड़ नहीं बचता है तो उसकी भरपाई के लिए दोबारा पौधारोपण करना होगा।
उन्होंने नगर निगम और IDA को एक पेड़ के बदले 10 पेड़ लगाने के निर्देश दिए हैं।
अमेरिका पर ‘ट्रंप फूफा’ वाला तंज, 40 की उम्र के बाद शक्कर से दूरी की सलाह, कविता पाटीदार के साथ पुराना रिश्ता और ‘क्लीन इंदौर’ के बाद ‘ग्रीन इंदौर’ का मिशन—कैलाश विजयवर्गीय के इन बयानों ने एक बार फिर उनके बेबाक और चुटीले अंदाज को चर्चा में ला दिया है।