नीमच। 70वीं शालेय खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत उज्जैन संभाग स्तरीय वूशू मार्शल आर्ट प्रतियोगिता का आयोजन 25 अगस्त 2026 को वात्सल्य भवन, गांधी वाटिका के पास नीमच में हुआ। 17 और 19 वर्ष बालक-बालिका वर्ग की इस प्रतियोगिता में उज्जैन संभाग के सभी सात जिलों -नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर और आगर-मालवा- से चयनित करीब 200 खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु एवं वजन वर्गों में हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के मुकाबले रोमांचक और कड़ी टक्कर वाले रहे। मेजबान नीमच जिला टीम के 22 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया और शानदार प्रदर्शन करते हुए 12 स्वर्ण एवं 8 रजत पदक अपने नाम किए। इस शानदार प्रदर्शन के साथ नीमच ने वूशू में उज्जैन संभागीय चौंपियन का खिताब बरकरार रखा।
प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी ऐश्वर्या मूंदड़ा, संयोजक प्राचार्य मनोज कीमती, जिला क्रीड़ा अधिकारी सावित्री मालवीय तथा मुख्य निर्णायक एवं प्रतियोगिता सह-संयोजक भरत सिंह कुमावत की उपस्थिति में हुआ।
मुख्य निर्णायक की भूमिका भरत सिंह कुमावत ने निभाई। सहायक निर्णायकों के रूप में तृषिता सोलंकी, पूजा कुमावत, भावना सोलंकी, वंशीका नागलोद, काजल साल्वी, खुबी देपन, ईशा रावल, दीपक कुमावत, धवल कुमावत, कमलेश नागदा, लक्की पाटीदार और राकेश नागदा ने जिम्मेदारी संभाली।
नीमच के स्वर्ण पदक विजेता
बालक वर्ग संजू (17 वर्ष, 45 किग्रा), वेदान्त चारण (17 वर्ष, 52 किग्रा), मयंक वर्मा (19 वर्ष, 48 किग्रा), अब्बास (19 वर्ष, 65 किग्रा) और संदीप (19 वर्ष, 70 किग्रा) ने स्वर्ण पदक जीते।
बालिका वर्ग सीमा (17 वर्ष, 45 किग्रा), अश्विनी कैथवास (17 वर्ष, 48 किग्रा), रिचा राठौर (17 वर्ष, 52 किग्रा), गुनगुन यादव (17 वर्ष, 70 किग्रा), मीनाक्षी (19 वर्ष, 52 किग्रा), रिया (19 वर्ष, 56 किग्रा) और कुलसुम (19 वर्ष, 70 किग्रा) ने स्वर्ण पदक हासिल किए।
8 खिलाड़ियों ने जीते रजत पदक
नीमच के भूपेंद्र राठौर, मोहित, अजय, खुशाल, सोनाक्षी चौधरी, अनुराधा धनगर, मंशा और हर्षिता सैनी ने अपने-अपने वजन वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किए।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में संभाग का करेंगे प्रतिनिधित्व
प्रतियोगिता के सभी स्वर्ण एवं रजत पदक विजेता खिलाड़ी अब 70वीं राज्य स्तरीय शालेय वूशू प्रतियोगिता में उज्जैन संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 21 से 25 सितंबर 2026 तक जबलपुर में किया जाएगा।
इस अवसर पर खेल शिक्षक वेन्कटेश्वर जाट, अजय नागोरी, भारत परिहार, भरत शर्मा, सायना पठान, मुस्कान, कृष्णा सहित विभिन्न जिलों से आए दल प्रबंधक, कोच, मैनेजर, शिक्षकगण और अभिभावक मौजूद रहे।