नीमच। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत गुरुवार 27 अगस्त को नीमच नगर के इंदिरा नगर स्थित वार्ड क्रमांक-8 के डोम में शिविर आयोजित किया जाएगा। यह अभियान के तहत आयोजित होने वाला चौथा शिविर होगा।
शिविर में नागरिकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान एवं शासकीय सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए सभी विभागों के प्रमुख अधिकारी मौजूद रहेंगे। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे और उनके निराकरण की कार्रवाई करेंगे।
अभियान के माध्यम से आमजन को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सरल और सुगम तरीके से उपलब्ध कराने तथा समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का उद्देश्य है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 का संचालन 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक किया जा रहा है। अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में शिविर आयोजित कर नागरिकों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं से जोड़ा जा रहा है।