नीमच। आमजन को बेहतर आधार सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंदसौर-नीमच डाक संभाग द्वारा 29 अगस्त 2026 को डाकघरों के आधार एनरोलमेंट एवं अपडेशन सेवा केंद्रों पर विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत नागरिकों को आधार से जुड़ी विभिन्न सुविधाएं एक ही दिन में उपलब्ध कराई जाएंगी।
अभियान में नए आधार पंजीयन, आधार कार्ड में आवश्यक संशोधन, बायोमेट्रिक अपडेट तथा मोबाइल नंबर एवं ई-मेल लिंक कराने जैसी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके लिए नागरिकों को 27 एवं 28 अगस्त को टोकन वितरित किए जाएंगे।
विशेष अभियान के दिन 29 अगस्त को आधार सेवा केंद्र सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित रहेंगे। यह अभियान नीमच प्रधान डाकघर, नीमच बघाना, खोर, जावद, महागढ़, मनासा, रामपुरा सहित मंदसौर-नीमच डाक संभाग के विभिन्न डाकघरों में आयोजित किया जाएगा।
डाक विभाग के अनुसार डाकघरों में आधार नामांकन की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध है, जबकि आधार अपडेट से संबंधित सेवाओं के लिए निर्धारित शुल्क लिया जाएगा।
मंदसौर-नीमच संभाग के अधीक्षक डाकघर ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाने के लिए निर्धारित तिथि पर अपने नजदीकी डाकघर स्थित आधार सेवा केंद्र पर पहुंचें।