नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं संवेदनशील निराकरण की कार्रवाई लगातार की जा रही है। इसी क्रम में ग्राम रेवली देवली निवासी जसराम की शिकायत पर महिला एवं बाल विकास विभाग ने कार्रवाई करते हुए उनकी पत्नी स्व. जमना बाई की प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना की बीमा राशि का भुगतान सुनिश्चित कराया।
जसराम ने जनसुनवाई में आवेदन देकर बताया था कि उनकी पत्नी स्व. जमना बाई आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के पद पर कार्यरत थीं। उनके निधन के बाद प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत मिलने वाली बीमा राशि का भुगतान नहीं हो पाया था।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग ने संबंधित बैंक शाखा से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई की। विभागीय प्रयासों के बाद स्व. जमना बाई की बीमा राशि का भुगतान कर दिया गया और पात्र हितग्राही को योजना का लाभ मिल गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार जनसुनवाई सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के लिए विभाग द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।