चित्तौड़गढ़। त्योहारों के मद्देनजर चित्तौड़गढ़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बुधवार को शहर में गश्त कर प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया और कानून-व्यवस्था का जायजा लिया।
एसपी ने पुलिस अधिकारियों को त्योहारों के दौरान पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात रखने, यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा असामाजिक एवं संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखने को कहा। भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट एवं संदेशों के जरिए माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
एसपी धर्मेंद्र सिंह ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने में आमजन के सहयोग की सराहना करते हुए सभी से त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।