सरवानिया महाराज। आगामी भादवी बीज के अवसर पर नगर परिषद द्वारा आयोजित होने वाले प्रसिद्ध पांच दिवसीय बाबा रामदेव मेले को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। जावद एसडीएम संजीव साहू ने सरवानिया महाराज स्थित प्राचीन बाबा रामदेव मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने 9 से 13 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले मेले की तैयारियों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और शोभायात्रा रहेंगी आकर्षण का केंद्र-
एसडीएम साहू ने मेला मैदान एवं मंदिर परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मेले के दौरान बाबा रामदेव की ध्वजा फहराने के साथ शहर में भव्य ध्वज यात्रा निकाली जाएगी। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम, अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, भजन संध्या एवं स्कूली बच्चों के रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों के लिए कलाकारों के चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष जोर-
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और व्यापारियों की सुविधा के लिए पार्किंग, दुकानों के लिए भूमि आवंटन, बिजली, प्रकाश एवं पेयजल जैसी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
आपातकालीन व्यवस्था के तहत मेडिकल टीम एवं प्राथमिक उपचार की सुविधा, जनरेटर बैकअप तथा बारिश की स्थिति को देखते हुए वाटरप्रूफ टेंट की व्यवस्था भी की जाएगी। मेले के सुचारू संचालन और सुरक्षा के लिए अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी निर्धारित की जा रही है।
खेड़ापति हनुमान मंदिर में किए दर्शन-
निरीक्षण के दौरान एसडीएम संजीव साहू ने शहर के प्रसिद्ध श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। उन्होंने मंदिर के आसपास स्थित ग्राम वन भूमि का भी मौका मुआयना किया।
नगर परिषद अध्यक्ष रूपेंद्र सिंह जैन ने बताया कि बाबा रामदेव मंदिर परिसर में मेले को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। नगर परिषद एवं मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
निरीक्षण के दौरान जावद तहसीलदार बालकृष्ण मकवाना, नगर परिषद अध्यक्ष रूपेंद्र सिंह जैन, हल्का पटवारी महेश भाटी, नगर परिषद अकाउंटेंट श्रवण प्रजापत, शाखा प्रभारी अजय प्रताप सिंह राणावत, घनश्याम पाल, नपं कर्मचारी पंकज राठौर, चौकीदार कन्हैयालाल मेघवाल, पार्षद प्रतिनिधि अर्जुनपाल सहित नगर परिषद कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।