कालापीपल। मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ ब्लॉक इकाई कालापीपल द्वारा प्रसिद्ध श्री सिद्ध तेलिया हनुमान मंदिर में श्रद्धा और भक्ति के साथ सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकारगण शामिल हुए और सामूहिक रूप से सुंदरकांड का पाठ कर भगवान श्री हनुमान की आराधना की।
सुंदरकांड पाठ के दौरान मंदिर परिसर हनुमान जी के जयकारों और भक्ति गीतों से गूंज उठा। विधि-विधान से भगवान श्री हनुमान का पूजन-अर्चन करने के बाद सभी पत्रकारों ने एक साथ सुंदरकांड का पाठ किया। इस दौरान क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई।
अतिथियों का दुपट्टा पहनाकर किया सम्मान
कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ ब्लॉक इकाई कालापीपल की ओर से आत्मीय स्वागत किया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने अतिथियों को संगठन का दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया।
जिला अध्यक्ष अभिषेक सक्सेना ने कहा कि पत्रकारिता के दायित्वों के साथ सामाजिक और धार्मिक आयोजनों के माध्यम से आपसी भाईचारे और सकारात्मक वातावरण को बढ़ावा देना भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से संगठन द्वारा समय-समय पर सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।
आरती के बाद हुआ भंडारा
सुंदरकांड पाठ के समापन पर भगवान श्री हनुमान की विधिवत आरती की गई। इसके बाद उपस्थित पत्रकारों और श्रद्धालुओं ने भंडारे में भोजन प्रसादी ग्रहण की। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।