देवास। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए मिलावटी एवं प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य विभाग और प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में खाद्य विभाग और प्रशासन की टीम ने शहर की दो दुकानों पर कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित एनालॉग मावा और उससे तैयार की गई मिठाइयां बरामद की हैं।
खाद्य अधिकारी सुरेंद्र ठाकुर और नायब तहसीलदार कपिल गुर्जर के नेतृत्व में टीम ने दो दुकानों पर जांच की। इस दौरान मौके पर एनालॉग मावा पाया गया। इसी मावे से तैयार की गई बड़ी मात्रा में मिठाइयां भी दुकानों पर रखी मिलीं।
नायब तहसीलदार कपिल गुर्जर ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए प्रशासन द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जांच के दौरान सामने आए एनालॉग मावे और उससे तैयार मिठाइयों के खाद्य नमूने लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
कार्रवाई के दौरान करीब 600 किलो मावे से निर्मित मिठाइयों का भंडार सामने आया, जबकि एनालॉग मावा भी जब्त किया गया है। अधिकारियों के अनुसार एनालॉग मावा प्रतिबंधित होने के कारण संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि त्योहार के दौरान मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। अधिकारियों का कहना है कि शहर में जहां भी प्रतिबंधित एनालॉग मावे या उससे तैयार मिठाइयों के विक्रय की सूचना मिलेगी, वहां जांच कर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।