नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निराकरण को लेकर सभी विभागों के एल-1 एवं एल-2 अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया में शिकायतकर्ता से संवाद करना अनिवार्य होगा।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि एल-1 स्तर पर शिकायत प्राप्त होने के बाद संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता से संपर्क कर उसकी समस्या को समझें और नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करें। यदि शिकायतकर्ता निराकरण से संतुष्ट नहीं है, तो उसे निराकरण की जानकारी देने के बाद ही शिकायत को एल-2 स्तर पर भेजा जाए।
एल-2 अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी शिकायत को मांग श्रेणी अथवा स्पेशल क्लोज के लिए एल-3 अधिकारी को अग्रेषित करने से पहले एल-1 अधिकारी द्वारा शिकायतकर्ता से संवाद किया गया हो। शिकायतकर्ता से संवाद के बाद ही ऐसी शिकायतों को आगे भेजने की कार्रवाई की जाए।
कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।