नीमच। ग्राम कनावटी निवासी मुकेश कुमार नायक ने सूझबूझ और समय पर CPR देकर सड़क पर बेहोश पड़े एक अनजान व्यक्ति की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके इस सराहनीय कार्य के लिए कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उन्हें सम्मानित किया।
मुकेश कुमार नायक ने बताया कि 22 जुलाई 2026 की रात करीब 11:30 बजे वे फैक्ट्री से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्हें सड़क पर एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में पड़ा दिखाई दिया। मौके पर कई लोग मौजूद थे, लेकिन कोई उसकी मदद के लिए आगे नहीं आ रहा था। मुकेश कुमार ने तत्काल अपनी गाड़ी रोकी और व्यक्ति की स्थिति जांची। धड़कन महसूस नहीं होने पर उन्होंने तुरंत CPR देना शुरू किया, जिसके बाद व्यक्ति की सांस चलने लगी।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे डॉ. स्वप्निल वधवा ने भी अपनी गाड़ी रोककर मदद की। उन्होंने व्यक्ति की पल्स जांची, जो सामान्य हो चुकी थी। इसके बाद मुकेश कुमार और डॉ. वधवा ने व्यक्ति को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार शुरू किया गया।
अस्पताल में भर्ती व्यक्ति की जेब से मोबाइल फोन और एक डायरी मिली। डायरी में दर्ज सरपंच के मोबाइल नंबर पर डॉ. वधवा ने संपर्क किया। इसके माध्यम से व्यक्ति की पहचान प्रेम सिंह के रूप में हुई।
मुकेश कुमार ने बताया कि उन्होंने CPR देने की जानकारी अपनी पत्नी से सीखी थी, जो नर्सिंग का कार्य कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में CPR की जानकारी किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। उन्होंने आमजन से CPR का प्रशिक्षण लेने और इसकी जानकारी प्राप्त करने की अपील की, ताकि जरूरत पड़ने पर समय रहते किसी की मदद की जा सके।