नीमच। शासन-प्रशासन को आमजन के और करीब लाने तथा पात्र हितग्राहियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत गुरुवार को नीमच शहर के इंदिरा नगर स्थित मांगलिक भवन में शिविर आयोजित किया गया। जिला प्रशासन एवं नगर पालिका के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह नीमच शहर का पहला शिविर रहा, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित रहे।
शिविर में नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 1 से 11 तक के नागरिकों की विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं सुनी गईं और उनके निराकरण की कार्रवाई की गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी की गई।
अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार अधिकारियों द्वारा कार्यालयों तक सीमित रहने के बजाय क्षेत्र में पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुनने और उनके निराकरण के लिए कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य नागरिकों को शासकीय सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ सहजता से उपलब्ध कराना रहा।
दो हितग्राहियों को मिला 50-50 हजार का ऋण-
विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य जनसेवा का विस्तार करना और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। शिविर के दौरान प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत दो हितग्राहियों को 50-50 हजार रुपये के ऋण का लाभ भी प्रदान किया गया।
एक ही छत के नीचे कई विभाग-
शिविर में महिला एवं बाल विकास, प्रधानमंत्री आवास, विद्युत, वन, आयुष्मान, स्वास्थ्य, राजस्व, उद्योग, शिक्षा एवं श्रम विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। नागरिकों ने अपनी समस्याएं संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखीं तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का मूल उद्देश्य शासन और प्रशासन को जनता के करीब लाना तथा आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है।
शिविर में विधायक दिलीप सिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।