मंदसौर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर युवाओं को खेल, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से ‘खेलो इंडिया संवाद- खेल की बात पीएम मोदी के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में किया गया। कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना एवं मेरा युवा भारत के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वर्चुअल संवाद रहा। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद युवाओं एवं खिलाड़ियों ने वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री से जुड़कर उनका संबोधन सुना। प्रधानमंत्री ने युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करते हुए फिटनेस, अनुशासन, स्वस्थ जीवनशैली और राष्ट्र निर्माण में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रेरणादायी संदेश दिया। प्रधानमंत्री से सीधे वर्चुअल जुड़ने का अवसर मिलने पर युवाओं एवं खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर एवं लोकसभा सांसद सुधीर गुप्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला संगठक अनिल कुमार आर्य तथा मेरा युवा भारत के एपीएस महेंद्र भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं खेल प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। सम्मानित खिलाड़ियों को प्रोत्साहन स्वरूप ट्रैक सूट भी वितरित किए गए। खिलाड़ियों के सम्मान और युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी से कार्यक्रम स्थल पर खेल एवं युवा ऊर्जा का माहौल बना रहा।
अतिथियों ने युवाओं को खेलों से जुड़ने, अपनी प्रतिभा को निखारने तथा स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। प्रधानमंत्री के वर्चुअल संवाद, खिलाड़ियों के सम्मान और युवाओं की सहभागिता से कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायी रहा।
कार्यक्रम का मंच संचालन वर्षा राज कुंवर झाला ने किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला संगठक अनिल कुमार आर्य ने किया।