मनासा। नशा मुक्त समाज के निर्माण और युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत एकीकृत शाला हाई स्कूल चुकनी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड मनासा के मार्गदर्शन में नवांकुर संस्था मनासा केशव आदर्श सामाजिक संस्था, ब्रह्माकुमारी मनासा एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति चुकनी के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं उपस्थितजनों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया। विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए स्वस्थ एवं संस्कारयुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
नवांकुर संस्था मनासा केशव आदर्श सामाजिक संस्था के प्रतिनिधि धीरज ने नशा मुक्त भारत अभियान की आवश्यकता और उद्देश्य पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, संस्कार, खेल, कौशल और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ेंगे तो समाज और राष्ट्र दोनों मजबूत होंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
इसके बाद ब्रह्माकुमारी संस्था मनासा की शीतल दीदी ने नशा मुक्ति, व्यसन मुक्ति एवं एकाग्रता विषय पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के शरीर के साथ-साथ मन, परिवार, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, आत्मअनुशासन, योग-ध्यान और अच्छे संस्कार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
शीतल दीदी ने कहा कि एकाग्र मन ही सफलता का आधार है। विद्यार्थियों को अपनी ऊर्जा सही दिशा में लगाते हुए मोबाइल की अधिकता, गलत संगति और नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में दृढ़ संकल्प लेने और किसी भी प्रकार के व्यसन से दूर रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि नशा मुक्ति केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि परिवार, विद्यालय और समाज के सामूहिक प्रयास से ही नशा मुक्त समाज का निर्माण संभव है। अंत में उपस्थित विद्यार्थियों एवं ग्रामीणजनों ने नशा मुक्त भारत के निर्माण की शपथ ली।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य पुष्पराज मसीह, प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष दिलीप पाटीदार, शिवनारायण मालवीय, दिनेश कुमार इंदौरा, राजकुमार सुरावत, अखिल बैरागी, गुड्डी गुप्ता सहित शिक्षकगण, प्रस्फुटन समिति के सदस्य एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिका रेखा साहानी ने किया।