नेवरी। ग्राम पंचायत नेवरी के एक साधारण मजदूर परिवार के होनहार युवा संदीप चौहान ने अपनी मेहनत और लगन से भारतीय रेलवे में लोको पायलट बनकर गांव और परिवार का नाम रोशन किया। बेंगलुरु से ट्रेनिंग पूरी करने के बाद प्रथम नगर प्रवेश पर ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर हाटपिपल्या विधायक मनोज चौधरी भी पहुंचे और संदीप चौहान का हार पहनाकर सम्मान किया तथा उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विधायक ने संदीप के माता-पिता को भी बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपने बेटे को अच्छी शिक्षा देकर परिवार और गांव का गौरव बढ़ाया है।
संदीप चौहान के पिता भागीरथ चौहान ठेलागाड़ी से गली-गली सब्जी बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सीमित साधनों के बावजूद उन्होंने अपने बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। पिता की मेहनत और संदीप की लगन का परिणाम है कि आज उन्होंने भारतीय रेलवे में लोको पायलट बनकर परिवार का सपना पूरा किया।
नगरवासियों ने डीजे की धुन और राष्ट्रीय गान के साथ जगह-जगह पुष्प वर्षा कर संदीप का स्वागत किया। इस दौरान परिवारजनों, समाजजनों और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
संदीप के परिवार में पिता भागीरथ चौहान, माता सावित्री बाई चौहान, बड़े भाई अजय पालव और एक बहन हैं।