नीमच। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत गुरुवार को कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने नगरीय क्षेत्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए नगर पालिका कार्यालय सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आम नागरिकों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने लीज नवीनीकरण, पट्टा नवीनीकरण, नामांतरण सहित नागरिकों से जुड़े सभी मामलों को निर्धारित समय-सीमा में निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए और अपने कार्यों के लिए लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने नगर पालिका परिषद की बैठक भी निर्धारित समय पर आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अधिकारी-कर्मचारियों को निर्धारित समय पर अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहने के लिए कहा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि लापरवाही या अनधिकृत अनुपस्थिति पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और प्रशासनिक सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं सुगम बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन विश्वास अभियान का उद्देश्य प्रशासन को जनता के करीब लाना और आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।