चित्तौड़गढ़। भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और विश्वास के पावन पर्व रक्षाबंधन के अवसर पर आचार्य तुलसी बहुउद्देशीय फाउंडेशन (ATBF) द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। मानव सेवा के उद्देश्य से आयोजित शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान करेंगे।
फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष सुनील ढीलीवाल ने बताया कि ATBF वर्ष 2017 से लगातार रक्षाबंधन के अवसर पर रक्तदान शिविर आयोजित करता आ रहा है। संस्था का उद्देश्य रक्षाबंधन के पर्व को भाई-बहन के रिश्ते के साथ मानव सेवा और सामाजिक दायित्व से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष रक्तदान शिविर शुक्रवार, 28 अगस्त 2026 को खड़ेश्वर महादेव मंदिर परिसर, चित्तौड़गढ़ में आयोजित किया जाएगा। शिविर के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने तथा ‘रक्तदान महादान’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
रक्षाबंधन पर रक्तदान का विशेष महत्व-
रक्षाबंधन रक्षा, प्रेम और विश्वास का पर्व है। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए संस्था रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंदों के जीवन की रक्षा का संदेश दे रही है। संस्था के अनुसार रक्षा सूत्र जहां भाई-बहन के रिश्ते को मजबूत करता है, वहीं रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन की रक्षा कर मानवता के रिश्ते को मजबूत करता है।
शिविर स्थल पर आकर्षक रंगोली एवं सजावट की जाएगी। रक्तदान करने वाले भाई-बहनों के स्वागत एवं सम्मान के लिए रक्षा सूत्र, मिठाई, नारियल, जलपान एवं प्रशस्ति पत्र की व्यवस्था भी की जाएगी।
फाउंडेशन अध्यक्ष सुनील ढीलीवाल ने शहरवासियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं स्वस्थ व्यक्तियों से रक्तदान शिविर में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
शिविर की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठकों में व्यवस्थाओं की समीक्षा कर टीम सदस्यों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। आयोजन को सफल बनाने में अर्पित बोहरा, सुरेंद्र टेलर, ललित तेलियानी, मदन गिरी गोस्वामी, देव शर्मा, नासिर हुसैन, कुंदन गुर्जर एवं अपुल चिप्पड़ सहित अन्य सदस्यों का सहयोग रहा।
फाउंडेशन पदाधिकारियों ने आमजन से अपील की कि रक्षाबंधन के इस पावन अवसर पर रक्तदान कर सेवा, समर्पण और मानवता का संदेश दें।