चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने गुरुवार को सड़क सुरक्षा को लेकर जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक सुधार कार्य, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं प्रमुख मार्गों से अतिक्रमण हटाने, यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिला कलक्टर ने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से प्रभावी एवं स्थायी कार्ययोजना बनाकर कार्य करें। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थानों एवं ब्लैक स्पॉट का नियमित निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य प्राथमिकता से करवाने के निर्देश दिए।
ब्लैक स्पॉट पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
जिला कलक्टर ने जिले में चिन्हित ब्लैक स्पॉट की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक ब्लैक स्पॉट का मौके पर निरीक्षण कर दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण किया जाए।
आवश्यकता के अनुसार सड़क की डिजाइन में सुधार, मोड़ पर सुरक्षा व्यवस्था, रोड साइनेज, स्ट्रीट लाइट, रोड मार्किंग, रिफ्लेक्टर, स्पीड ब्रेकर सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि केवल ब्लैक स्पॉट चिन्हित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि वहां दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी समाधान किए जाने चाहिए। संबंधित विभाग कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए लंबित कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करवाएं।
राष्ट्रीय राजमार्ग एवं प्रमुख मार्गों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश
जिला कलक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग सहित प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण की स्थिति की जानकारी लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सीमा में किसी भी प्रकार का स्थायी अथवा अस्थायी अतिक्रमण यातायात में बाधा उत्पन्न करता है और दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ाता है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्ग एवं प्रमुख सड़कों का संयुक्त निरीक्षण कर अतिक्रमण चिन्हित करने तथा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सड़क मार्ग को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए। दुकानों, ठेलों, निर्माण सामग्री अथवा अन्य गतिविधियों के कारण जहां यातायात प्रभावित हो रहा है, वहां विशेष रूप से कार्रवाई करने को कहा।
संकेतक एवं रोड सेफ्टी व्यवस्थाएं मजबूत करने पर जोर
जिला कलक्टर ने सड़कों पर पर्याप्त रोड साइनेज, दिशा-सूचक बोर्ड, चेतावनी संकेतक एवं रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रात के समय वाहन चालकों को सड़क की स्थिति एवं संभावित खतरों की स्पष्ट जानकारी मिल सके, इसके लिए आवश्यक स्थानों पर प्रकाश एवं रिफ्लेक्टिव साइनेज की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सड़क किनारे अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों, क्षतिग्रस्त सड़क किनारों, खुले डिवाइडर कट एवं अन्य यातायात बाधाओं को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।
यातायात नियमों की पालना एवं जागरूकता पर जोर
बैठक में जिला कलक्टर ने यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग को सड़क सुरक्षा नियमों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तेज गति से वाहन चलाना, बिना हेलमेट वाहन चलाना, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करना, गलत दिशा में वाहन चलाना तथा नशे में वाहन चलाने जैसी लापरवाहियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के साथ आमजन में जागरूकता भी बढ़ाई जाए।
उन्होंने विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं आमजन के बीच सड़क सुरक्षा को लेकर नियमित जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने तथा विशेष रूप से युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
दुर्घटनाओं का माहवार विश्लेषण कर तैयार करें प्रभावी कार्य योजना
जिला कलक्टर ने जिले में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं का माहवार नियमित विश्लेषण करने तथा दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों को चिन्हित कर उनके समाधान की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से दुर्घटनाओं के आंकड़ों के आधार पर संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर परिणाम आधारित सड़क सुरक्षा कार्ययोजना तैयार करने को कहा। बैठक में जिला कलक्टर ने सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावित लोगों को मिलने वाली सहायता एवं योजनाओं की जानकारी भी ली। संबंधित अधिकारी ने बताया कि पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री राहत योजना एवं मुख्यमंत्री दुर्घटना बीमा योजना के तहत नियमानुसार लाभान्वित किया जाता है।
जिला कलक्टर ने सड़क सुरक्षा कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए उपखंड स्तर पर भी उपखंड अधिकारी की अध्यक्षता में समिति गठित करने के निर्देश दिए। समिति में संबंधित विभागों के अधिकारियों को शामिल करते हुए क्षेत्र में होने वाली दुर्घटनाओं, ब्लैक स्पॉट, यातायात बाधाओं एवं सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य विषयों की नियमित समीक्षा करने को कहा।
बैठक में आईएएस ओएसडी निर्वाचन रविन्द्र कुमार मेघवाल,प्रशिक्षु आईएएस मुद्रा, अतिरिक्त जिला कलक्टर दिनेश धाकड़ सहित पुलिस, परिवहन, सार्वजनिक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।