नीमच। मध्यप्रदेश पुलिस एवं स्कूल शिक्षा विभाग के समन्वय तथा यूएनएफपीए के सहयोग से संचालित ‘सृजन संवाद योजना’ के तहत गुरुवार को शासकीय रानी लक्ष्मीबाई कन्या शाला (कोठी स्कूल), नीमच में ‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ अंतर्गत ‘राखी का धागा, सुरक्षा का वादा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी राजेश व्यास ने कहा कि सृजन संवाद योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों में विधिक जागरूकता, उत्तरदायी नागरिकता, सुरक्षा बोध तथा न्याय तक पहुंच के संबंध में समझ विकसित करना है। उन्होंने छात्राओं को संविधान, उनके अधिकारों, कानून एवं पुलिस की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत शिक्षकों एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों को पुलिस थानों का भ्रमण कराकर एफआईआर की प्रक्रिया, साइबर अपराध, महिला अपराधों से संबंधित कानून तथा 112 आपातकालीन सेवा की कार्यप्रणाली के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
एसपी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे स्वयं के साथ-साथ समाज एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार भूमिका निभाने के लिए प्रेरित होंगे। पुलिस एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयासों से युवाओं में सुरक्षा एवं कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक परिणाम मिलेंगे।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास सहित उपस्थित पुलिस अधिकारियों को राखी बांधी और सुरक्षा का संदेश दिया। इस अवसर पर छात्राओं को शैक्षणिक फोल्डर भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा निकीता सिंह, प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक दिव्या चंद्रवंशी, रक्षित निरीक्षक विक्रम सिंह भदौरिया, नीमच सिटी थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सागरिया, उप निरीक्षक राखी सैंगर, विद्यालय प्राचार्य बालकिशन बनोधा सहित विद्यालय का स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।