नीमच। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने गुरुवार को नीमच में निर्माणाधीन इनडोर स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्टेडियम परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का अवलोकन कर अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा निर्धारित मापदंडों के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्टेडियम का निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। साथ ही निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने और आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्टेडियम में शेड लगाने के साथ परिसर में उपलब्ध खाली भूमि का बेहतर उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने यहां बास्केटबॉल, टेनिस एवं वॉलीबॉल कोर्ट विकसित करने तथा परिसर के चारों ओर बाउंड्री वॉल का निर्माण कराने को कहा।
कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा किसी भी तकनीकी या प्रशासनिक समस्या का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इनडोर स्टेडियम में खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ इसका प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एसडीएम पराग जैन, नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।