नीमच। उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर से नीमच के ग्वालटोली स्थित श्री सोमेश्वर महादेव मंदिर तक डाक कावड़ लेकर पहुंचे यदुवीर सेना के भोले भक्तों का कृष्णाज ग्रुप की ओर से आत्मीय अभिनंदन किया गया। कावड़ियों को ‘जय श्री कृष्णा’ लिखे दुपट्टे पहनाकर सम्मानित किया गया।
यदुवीर सेना के जिला अध्यक्ष तेजू यादव एवं यात्रा संयोजक दुर्योधन यादव के नेतृत्व में करीब 80 यादव समाज के युवाओं ने महाकाल मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद 24 अगस्त की रात 2:35 बजे रामघाट स्थित शिप्रा नदी से डाक कावड़ यात्रा शुरू की गई।
लगातार यात्रा करते हुए कावड़िए दोपहर 2:40 बजे श्री सोमेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे, जहां श्रद्धा और उत्साह के साथ कावड़ चढ़ाई गई।
क्षेत्र की खुशहाली और मंदिर के भव्य स्वरूप का संकल्प
कृष्णाज ग्रुप के एडमिन पवन कुंगर और यदुवीर सेना के हरीश यादव ने बताया कि डाक कावड़ यात्रा का उद्देश्य क्षेत्र की खुशहाली की कामना करना और श्री सोमेश्वर महादेव मंदिर को केदारनाथ की तर्ज पर भव्य स्वरूप प्रदान करने का संकल्प लेना है।
इस अवसर पर पिंकू यादव, लखन यादव, जीतू यादव सहित कृष्णाज ग्रुप और यदुवीर सेना के अनेक सदस्य मौजूद रहे।