चित्तौड़गढ़। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर महिलाओं एवं बालिकाओं में पुलिस के प्रति सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत करने तथा पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर समन्वय एवं आत्मीयता स्थापित करने के उद्देश्य से ‘रक्षा का वचन’ अभियान के तहत जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के तहत जिले के पुलिस थानों एवं पुलिस इकाइयों में महिलाओं एवं बालिकाओं को आमंत्रित कर पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को राखी बंधवाई गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सहायता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने भी महिलाओं एवं बालिकाओं से राखी बंधवाकर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर है।
गुरुवार को गोल प्याऊ पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा, पुलिस उपाधीक्षक बृजेश सिंह, उदय सिंह सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं से राखी बंधवाई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। वहीं महिलाओं एवं बालिकाओं ने भी पुलिसकर्मियों को राखी बांधकर उनके प्रति विश्वास एवं आत्मीयता व्यक्त की।
‘रक्षा का वचन’ अभियान के माध्यम से पुलिस ने आमजन के साथ विश्वास, सहयोग और आत्मीयता को मजबूत करने का संदेश दिया।