मनासा। नशा मुक्त समाज के निर्माण और विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नशा मुक्त भारत अभियान के तहत एकीकृत शाला हाई स्कूल चुकनी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड मनासा के मार्गदर्शन में नवांकुर संस्था मनासा केशव आदर्श सामाजिक संस्था, ब्रह्माकुमारी मनासा एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति चुकनी के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी देकर स्वस्थ एवं संस्कारयुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
नवांकुर संस्था के प्रतिनिधि धीरज ने नशा मुक्त भारत अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवा देश की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, कौशल एवं सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अन्य लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
ब्रह्माकुमारी संस्था मनासा की शीतल दीदी ने नशा मुक्ति एवं एकाग्रता विषय पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि नशे का असर व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जीवन पर भी पड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, आत्मअनुशासन, योग-ध्यान और अच्छे संस्कार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि एकाग्र मन सफलता का आधार है। विद्यार्थियों को अपनी ऊर्जा सही दिशा में लगाते हुए गलत संगति, मोबाइल के अत्यधिक उपयोग और नशे जैसी बुरी आदतों से दूरी बनाए रखनी चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों ने नशा मुक्त भारत अभियान की शपथ ली। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य पुष्पराज मसीह, प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष दिलीप पाटीदार, शिवनारायण मालवीय, दिनेश कुमार इंदौरा, राजकुमार सुरावत, अखिल बैरागी, गुड्डी गुप्ता सहित शिक्षकगण, प्रस्फुटन समिति के सदस्य एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिका रेखा साहानी ने किया।