खरगोन। अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ खरगोन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बाइक सवार युवक को 10 हस्तनिर्मित पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त हथियारों की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है।
चौनपुर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बाइक से अवैध हथियार लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कठोड़ा रोड से झिरनिया की ओर जाने वाले मार्ग पर निगरानी शुरू की।
इसी दौरान करानिया फाटा के पास पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवार को घेराबंदी कर रोक लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रूपेश बताया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद झोले से 10 हस्तनिर्मित पिस्टल बरामद हुईं।
सिगनुर से हथियार खरीदने की बात
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने ये हथियार सिगनुर से खरीदे थे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और अब हथियार सप्लाई करने वाले व्यक्ति की तलाश की जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियारों को आगे कहां और किसे सप्लाई किया जाना था। पूरे नेटवर्क को लेकर आरोपी से पूछताछ जारी है।