दतिया। नगर पालिका में सियासी खींचतान खुलकर सामने आ गई है। नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ भाजपा पार्षदों ने मोर्चा खोलते हुए जमकर नारेबाजी की। इसके बाद पार्षदों ने परिषद की विशेष बैठक बुलाने की मांग को लेकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी अनुपम पाठक के नाम ज्ञापन सौंपा।
पार्षदों ने ज्ञापन में मध्यप्रदेश नगर पालिका अधिनियम, 1961 की धारा 57 के तहत विशेष बैठक बुलाने की मांग की है। उनका कहना है कि नगर पालिका से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर परिषद में विधिवत चर्चा और निर्णय जरूरी है।
एक-तिहाई पार्षदों ने दिया लिखित अनुरोध
भाजपा पार्षदों का कहना है कि नियमानुसार निर्वाचित पार्षदों के कम से कम एक-तिहाई सदस्यों की ओर से विशेष बैठक के लिए लिखित अनुरोध दिया गया है। बैठक में कई अहम मुद्दों को शामिल करने की मांग की गई है।
इनमें धारा 78 के तहत नामांतरण के अधिकारों के प्रत्यायोजन, नगर पालिका में चल रहे सभी निर्माण कार्यों की समीक्षा और विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा प्रमुख हैं। इसके अलावा परिषद के समक्ष जरूरी अन्य विषयों को भी एजेंडे में शामिल करने की मांग की गई है।
अब विशेष बैठक पर टिकी नजर
पार्षदों ने मांग की है कि धारा 57 के प्रावधानों के अनुसार निर्धारित समय-सीमा में विशेष बैठक की तारीख, समय और स्थान तय कर सभी निर्वाचित पार्षदों को सूचना दी जाए।
अध्यक्ष के खिलाफ भाजपा पार्षदों की खुली नाराजगी और विशेष बैठक की मांग के बाद अब दतिया नगर पालिका की राजनीति गरमा गई है। आने वाले दिनों में विशेष बैठक होती है तो उसमें किन मुद्दों पर चर्चा और क्या निर्णय होता है, इस पर सभी की नजर रहेगी।