नीमच। भारत के महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के युवाओं से वर्चुअली संवाद किया। उन्होंने युवाओं से जीवन में किसी एक खेल को अपनाकर उसमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
नीमच के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार गांव, ब्लॉक और तहसील स्तर तक विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं पहुंचाने के प्रयास कर रही है। जिला एवं ब्लॉक स्तर पर बेहतर प्रशिक्षक, कोच और खेल अधोसंरचना उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का लक्ष्य आगामी ओलंपिक खेलों में पदक तालिका में दुनिया के शीर्ष 10 देशों में शामिल होना है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के साथ भारत को खेलों की महाशक्ति बनाने का लक्ष्य भी रखा गया है।
खेल प्रतिभाओं का सम्मान-
कार्यक्रम में खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए स्पोर्ट्स आइकॉन मीनाक्षी सिसौदिया, मीनाक्षी यादव, सुमित छाबरिया एवं जतिन शर्मा का अतिथियों द्वारा शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि नीमच में राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन और खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों के साथ शिक्षा पर भी ध्यान देने और अपनी प्रतिभा को निखारने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में महाविद्यालय की छात्रा तनवी लखेय ने ‘खेलो इंडिया संवाद’ के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। जनभागीदारी अध्यक्ष विश्वदेव शर्मा ने कहा कि नीमच से कई राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतिभाएं सामने आई हैं। युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे इस परंपरा को आगे बढ़ाएं।
राज्य स्तरीय कला सम्मान से सम्मानित आर्टिस्ट एवं यू-ट्यूब इन्फ्लुएंसर मीनाक्षी यादव ने भी युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत मिश्रा ने स्वागत उद्बोधन में कार्यक्रम को खेल क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम में माय भारत युवा केंद्र के स्वयंसेवक कुलदीप राठौर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। संचालन वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. संजय जोशी ने किया तथा आभार कार्यक्रम के नोडल अधिकारी प्रो. राकेश कुमार कस्वां ने व्यक्त किया।