रतनगढ़। नगर परिषद द्वारा आयोजित पांच दिवसीय ‘श्री लक्ष्मी नारायण मेला उत्सव-2026’ का आज समापन होगा। मेले के अंतिम दिन रतनगढ़ सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। बच्चों और युवाओं ने झूलों का आनंद लिया, वहीं खान-पान, कपड़े और घरेलू सामान की दुकानों पर भी भीड़ नजर आई।
मेले के चौथे दिन अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। मंच संचालन राव अजातशत्रु ने किया। देशभर से आए कवियों ने हास्य, व्यंग्य, ओज और श्रृंगार रस की रचनाएं प्रस्तुत कर देर रात तक श्रोताओं का मनोरंजन किया।
हास्य कवि एवं मंच संचालक सुदीप भोला ने अपनी प्रस्तुतियों से खूब तालियां बटोरीं। कवयित्री सुमन पंवार ने गीत एवं संवाद प्रस्तुत किए। इसके अलावा शम्भू शिखर, राजकुमार बादल, राम भदावर, रजनी सिंह अवनी, कोमल नाजुक, गोपाल धुरंधर और पवन वैरागी ने भी अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं।
मीना बाजार में भी उमड़ी भीड़-
मेले के अंतिम दिन मीना बाजार सहित विभिन्न दुकानों पर ग्रामीणों की भीड़ रही। महिलाओं ने कपड़े, सौंदर्य प्रसाधन एवं घरेलू सामान की खरीदारी की। बच्चों और युवाओं में झूलों को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
आज सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ समापन-
मेले के अंतिम दिन रूप रंग मंच की प्रस्तुति सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद पांच दिवसीय श्री लक्ष्मी नारायण मेले का औपचारिक समापन होगा।