गरोठ। मंदसौर जिले के गरोठ जनपद की ग्राम पंचायत बरखेड़ा लोहा के बर्राखेड़ी गांव में पक्की सड़क नहीं होने से ग्रामीणों को बारिश के दिनों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गरोठ को जोड़ने वाला कच्चा रास्ता बारिश में कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हो जाता है, जिससे आवागमन मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों के अनुसार रास्ते पर जगह-जगह गड्ढों में पानी भर जाता है। इससे बच्चे, शिक्षक और राहगीर फिसलकर गिर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि खराब रास्ते के कारण मरीजों को अस्पताल ले जाने में भी परेशानी होती है। किसानों और दुग्ध व्यवसायियों को भी आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर सरपंच, विधायक और प्रशासन को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए जल्द सड़क निर्माण की मांग की है।
सड़क समस्या को लेकर सरपंच सत्यनारायण पाटीदार और विधायक चंदर सिंह सिसोदिया से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।
ग्रामीणों की मांग है कि गरोठ से गांव को जोड़ने वाले मार्ग का जल्द पक्का निर्माण या डामरीकरण कराया जाए, ताकि बच्चों, मरीजों, किसानों और अन्य ग्रामीणों को राहत मिल सके।