देवरी खवासा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवरी खवासा में गुरुवार, 27 अगस्त 2026 को संस्कृत सप्ताह के अंतर्गत संस्कृत दिवस का आयोजन विद्यालय प्रांगण में उत्साहपूर्वक किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य एवं स्टाफ सदस्यों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चन के साथ किया गया। छात्राओं हर्षिता एवं राधिका द्वारा मां सरस्वती की वंदना प्रस्तुत की गई। इस दौरान विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को तिलक लगाकर संस्कृत दिवस एवं रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक सत्यनारायण सोनी, ज्ञान सिंह कछावा एवं वीरेंद्र सिंह तंवर तथा संस्कृत शिक्षक पुखराज आर्य ने संस्कृत भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को संस्कृत के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति एवं वर्तमान समय में इसकी उपयोगिता के बारे में जानकारी दी।
संस्कृत सप्ताह के अंतर्गत विद्यालय में संस्कृत भाषा आधारित विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इनमें भाषण, संवाद, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता प्रमुख रही। प्रतियोगिताओं में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।