चित्तौड़गढ़। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर शुक्रवार को विधानसभा क्षेत्र की बड़ी संख्या में बहनों ने विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के कार्यालय पहुंचकर उन्हें राखी बांधी और भाई-बहन के स्नेह, विश्वास एवं आत्मीयता के पर्व को उत्साहपूर्वक मनाया।
इस अवसर पर विधायक आक्या ने सभी बहनों के स्वस्थ, सुखी एवं मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास, सम्मान और जिम्मेदारी के रिश्ते को मजबूत करने का अवसर है। क्षेत्र की बहनों ने उन्हें राखी बांधकर जो स्नेह और आशीर्वाद दिया है, वह उनके लिए अत्यंत सम्मान और भावनात्मक क्षण है।
विधायक ने कहा कि वे क्षेत्र की बहनों को विश्वास दिलाते हैं कि उनके सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए सदैव उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि बहनों और बेटियों का सम्मान करना पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रयास है कि प्रत्येक पात्र महिला तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचे। समाज और राष्ट्र के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिलाओं को आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना तथा उनके सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।