पिपलियामंडी। महू-नीमच हाईवे स्थित पिपलियामंडी चौपाटी आसपास के ग्रामीण अंचलों और दूसरे क्षेत्रों से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए प्रमुख बस स्टॉप और ठहराव स्थल है। रोजाना बड़ी संख्या में यात्री यहां बसों का इंतजार करते हैं। वहीं रक्षाबंधन जैसे पर्वों पर बहन-बेटियों की आवाजाही और बढ़ जाती है।
लेकिन इतने महत्वपूर्ण यात्री स्थल पर महिलाओं के लिए सुरक्षित और स्वच्छ सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था नहीं होना गंभीर सवाल खड़े करता है। बस के इंतजार में घंटों खड़ी रहने वाली महिला यात्रियों के सामने सबसे बड़ी परेशानी यही रहती है कि आखिर जरूरत पड़ने पर वे जाएं तो कहां?
विकास के दावों के बीच मूलभूत सुविधा का अभाव
क्षेत्र में विकास को लेकर लगातार दावे किए जाते हैं, लेकिन चौपाटी जैसे प्रमुख यात्री स्थल पर महिलाओं के लिए एक शौचालय तक की समुचित व्यवस्था नहीं होना जिम्मेदारों की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े करता है।
पुरुष और बच्चे किसी तरह अपनी आवश्यकता पूरी कर लेते हैं, लेकिन महिलाओं और बच्चियों के लिए यह समस्या सुविधा से कहीं बढ़कर सम्मान और सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा है।
जिम्मेदारों से सीधा सवाल
अब सवाल नगर परिषद और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों से हैकृपिपलियामंडी चौपाटी पर महिला यात्रियों के लिए शौचालय आखिर कब बनेगा?
क्या इसके लिए किसी बड़ी घटना का इंतजार किया जा रहा है, या फिर जिम्मेदार इस मूलभूत समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द कदम उठाएंगे?
जरूरत है कि संबंधित विभाग और नगर परिषद तत्काल पहल कर चौपाटी पर स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक महिला सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि यहां आने वाली बहन-बेटियों को असुविधा और परेशानी का सामना न करना पड़े।