नीमच। मालखेड़ा फंटे स्थित संयोग होटल के सामने शनिवार को सड़क हादसे में एक लोडिंग टेंपो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक के पैर में फ्रैक्चर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जीवराज सिंह पिता लादू सिंह, निवासी सिकराणी, विजयनगर (अजमेर), महाराष्ट्र के रावेर से लोडिंग टेंपो में कच्चे केले भरकर विजयनगर जा रहे थे। इसी दौरान संयोग होटल के सामने अचानक टेंपो असंतुलित होकर पलट गया। हादसे में चालक जीवराज सिंह घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से घायल को तत्काल नीमच जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।