भोपाल। मध्यप्रदेश में अग्निवीरों को यूनिफॉर्म सर्विस की भर्तियों में आरक्षण देने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए पुलिस आरक्षक, वनरक्षक और जेल प्रहरी भर्ती में लागू होमगार्ड और पूर्व सैनिकों के आरक्षण में बदलाव का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
प्रस्ताव के मुताबिक पुलिस सामान्य आरक्षक भर्ती में होमगार्ड का 15% आरक्षण घटाकर 10% किया जा सकता है। वहीं पूर्व सैनिकों के लिए मौजूदा 10% क्षैतिज आरक्षण को घटाकर 7.5% करने का प्रस्ताव है। इससे बचने वाले 7.5% पद अग्निवीरों के लिए आरक्षित किए जाने की तैयारी है।
इसी तरह वनरक्षक और जेल प्रहरी के पदों पर होमगार्ड के 30% आरक्षण को घटाकर 20% करने का प्रस्ताव है। इसमें से 10% पद अग्निवीरों के लिए आरक्षित किए जा सकते हैं।
सरकार इस प्रस्ताव को सितंबर 2026 में कैबिनेट के सामने पेश करने की तैयारी में है। माना जा रहा है कि अग्निवीरों का पहला बैच दिसंबर 2026 और जनवरी 2027 में चार साल की सेवा पूरी करेगा। इसके बाद प्रदेश में जनवरी-फरवरी 2027 के दौरान यूनिफॉर्म सर्विस की भर्तियां शुरू होने की तैयारी है।
गौरतलब है कि पुलिस आरक्षक भर्ती में होमगार्ड आरक्षण के नियम पहले भी बदले जा चुके हैं। वर्ष 2017 में होमगार्ड का आरक्षण 15% से बढ़ाकर 30% किया गया था, हालांकि बाद के भर्ती नियमों में यह फिर 15% रहा। अब इसे दोबारा घटाकर 10% करने का प्रस्ताव है।
वहीं पुलिस आरक्षक भर्ती में पूर्व सैनिकों के लिए 10% क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान वर्ष 1999 से चला आ रहा है। अब इसमें भी 2.5 प्रतिशत अंक की कटौती प्रस्तावित है।
वनरक्षक और जेल प्रहरी भर्ती में वर्ष 2014 से होमगार्ड/नगर सैनिकों के लिए 30% क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान रहा है। अग्निवीरों को जगह देने के लिए इसी कोटे को घटाकर 20% करने और 10% पद अग्निवीरों के लिए रखने पर विचार किया जा रहा है।