मनासा। श्री क्षत्रिय सूर्यवंशी कुशवाह समाज, मनासा द्वारा समाज के आराध्य देव भगवान लव-कुश का जन्मोत्सव हर्षाेल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाजजनों द्वारा भव्य चल समारोह निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजबंधुओं, महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
चल समारोह में ढोल-नगाड़े, डीजे, अखाड़े और गोरिल्ला डांस आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। डीजे की धुन और ढोल की थाप पर युवा एवं महिलाएं उत्साह के साथ शामिल हुए। वहीं अखाड़े के कलाकारों ने विभिन्न रोमांचक करतब प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
समारोह के दौरान भगवान लव-कुश के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। पूरे आयोजन में समाज की एकता, भाईचारे और धार्मिक आस्था की झलक देखने को मिली। वरिष्ठजनों के साथ युवाओं और महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को और भव्य बना दिया।
समाज अध्यक्ष ने बताया कि भगवान लव-कुश समाज के आराध्य देव हैं और उनका जन्मोत्सव प्रतिवर्ष श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया जाता है। आयोजन का उद्देश्य समाज में एकजुटता, भाईचारा एवं सामाजिक समरसता को मजबूत करना है।
भव्य चल समारोह के चलते मनासा नगर में उत्सव जैसा माहौल रहा और जगह-जगह लोगों ने समारोह का स्वागत किया।