उज्जैन। गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात गाड़ी निकालने की मामूली बात पर व्यवसायी यश मित्तल की हत्या के मामले में शनिवार को अग्रवाल समाज के लोगों ने माधव नगर थाने का घेराव किया। समाज के लोगों ने फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
ऋषि नगर एक्सटेंशन निवासी यश पिता विजय नारायण मित्तल (27) चिमनगंज मंडी में ट्रैक्टर शोरूम संचालित करता था। गुरुवार रात वह अपने दोस्तों के साथ कार से जा रहा था। दमदमा मोड़ के पास कुछ युवक गाड़ी लेकर रास्ते में खड़े थे। यश और उसके दोस्तों ने रास्ता देने के लिए हॉर्न बजाया।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर युवकों ने यश और उसके दोस्त अभय व्यास व मंगल के साथ मारपीट कर दी। हमले में गंभीर रूप से घायल यश की मौत हो गई।
चार आरोपी गिरफ्तार, तीन अभी फरार
मामले में पुलिस ने अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। घटना को लेकर शहरवासियों और अग्रवाल समाज में भी आक्रोश है।
शनिवार को अग्रवाल पंचायत न्यास के अध्यक्ष निमेष अग्रवाल, उपाध्यक्ष शैलेन्द्र मित्तल सहित करीब 50 समाजजन माधव नगर थाने पहुंचे और घेराव किया। उन्होंने शेष आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के साथ सभी आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की।
निमेष अग्रवाल ने कहा कि शहर में मामूली बात पर युवक चाकू निकालकर गुंडागर्दी कर रहे हैं। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और उनके अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की मांग भी की।
समाज के लोगों ने सीएसपी दीपिका शिंदे को मांग पत्र सौंपा। सीएसपी ने बताया कि हत्या के मामले में चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं, जबकि फरार तीन आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें रवाना की गई हैं। उन्होंने जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कही।