तराना। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद राष्ट्रीय महिला परिषद ओजस्विनी की बहनों ने तराना थाना पहुंचकर पुलिसकर्मियों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। इस दौरान बहनों ने थाना प्रभारी रामनारायण भदोरिया सहित पुलिस टीम के सदस्यों को राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान एवं भाईचारे की भावना व्यक्त की।
इसके साथ ही एसडीओपी राहुल कुमार खरे एवं उनकी टीम तथा उपजेल के पुलिसकर्मियों को भी बहनों ने रक्षा सूत्र बांधा और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान बहनों ने कहा कि देश की रक्षा के लिए हमारे सैनिक भाई सीमा पर दिन-रात डटे रहते हैं। उसी प्रकार आम नागरिकों और उनके परिवारों की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी भी 24 घंटे अपनी ड्यूटी पर तैनात रहते हैं। पुलिसकर्मी अपने घर-परिवार से दूर रहकर समाज की सुरक्षा और सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। ऐसे में पुलिसकर्मी भी हमारे भाई हैं और उनके साथ रक्षाबंधन मनाना हम सभी के लिए गौरव की बात है।
बहनों ने पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता और सेवा के कारण ही आम नागरिक अपने घरों में सुरक्षित और चौन की नींद सो पाते हैं। इसलिए समाज की रक्षा में जुटे इन भाईयों के साथ रक्षाबंधन मनाना हमारा भी कर्तव्य है।
इस अवसर पर बहनों ने सर्वप्रथम पुलिसकर्मियों का कंकू-चावल से तिलक किया, श्रीफल भेंट कर उनकी कलाई पर राखी बांधी। इसके बाद भाई-बहनों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाया और रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों ने भी बहनों के प्रति आभार व्यक्त किया।