चित्तौड़गढ़। वंडर सीमेंट लिमिटेड, निम्बाहेड़ा के ‘नींव इनिशिएटिव’ के तहत कंपनी के यूनिट हेड नितिन जैन के निर्देशन में संचालित ‘इकोग्रीन’ कार्यक्रम के अंतर्गत रक्षाबंधन के अवसर पर ग्राम फाचर अहिरान से बांसा रोड तक पौधारोपण अभियान शुरू किया गया। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्र की बहनों ने वृक्षों को राखी बांधकर उनकी रक्षा का संकल्प लिया और समाज को पर्यावरण संरक्षण एवं अधिक से अधिक पौधारोपण के लिए जागरूक किया।
वृक्षों की रक्षा का लिया संकल्प-
रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित इस पहल में बहनों ने पौधों को राखी बांधते हुए उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश दिया गया।
वर्षभर किया जाएगा पौधों का संरक्षण-
वंडर सीमेंट की ओर से फाचर अहिरान से बांसा रोड तक पौधों के साथ ट्रीगार्ड लगाए जाएंगे। कंपनी द्वारा वर्षभर इन पौधों की देखरेख एवं संरक्षण किया जाएगा। इससे मार्ग को हराभरा बनाने के साथ ग्रामीणों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि वंडर सीमेंट द्वारा परियोजना की शुरुआत से ही प्लांट, माइंस एवं आसपास के गांवों में लगातार पौधारोपण और वृक्ष संरक्षण का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में इस वर्ष वंडर वृक्ष रथ के माध्यम से ग्राम पंचायत करूंडा, फलवा, फाचर अहिरान, लसड़ावन एवं बड़ोली माधोसिंह के राजकीय विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और स्वास्थ्य संस्थानों सहित विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण किया गया।
इसके अलावा कंपनी द्वारा विकसित वंडर सीमेंट पंचफल उद्यान, धनोरा, बड़ोली माधोसिंह एवं लसड़ावन सहित गांवों के प्रमुख मार्गों पर भी पौधे लगाए गए हैं। कंपनी की इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाना और लोगों को पेड़-पौधों की सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।