मंदसौर। पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उपसंचालक ने बताया कि भारत सरकार की महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम (NADCP-FMD) के अंतर्गत जिले में सभी गो-भैंसवंशीय पशुओं का खुरपका-मुंहपका (FMD) टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। जिले में यह अभियान 15 सितंबर 2026 तक जारी रहेगा।
अभियान के तहत 4 माह से अधिक आयु के सभी गो-भैंसवंशीय पशुओं का नि:शुल्क टीकाकरण किया जाएगा। विभाग ने पशुपालकों से अपने गांव के सभी पात्र पशुओं का टीकाकरण करवाने की अपील की है।
पशुओं के स्वास्थ्य के साथ आर्थिक नुकसान भी-
खुरपका-मुंहपका एक संक्रामक बीमारी है। इससे पशुओं के मुंह में छाले और खुरों में घाव हो जाते हैं। दुधारू पशुओं में दूध उत्पादन क्षमता कम होने से पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। बीमारी गंभीर होने पर पशु की मृत्यु भी हो सकती है।
यह बीमारी तेजी से फैलती है और एक पशु के संक्रमित होने पर आसपास के अन्य पशु भी इसकी चपेट में आ सकते हैं। विभाग के अनुसार बीमारी से बचाव का प्रभावी उपाय समय पर टीकाकरण है।
पूरे गांव के पशुओं का करवाएं टीकाकरण-
पशुपालन विभाग ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने गांव की निकटतम पशु चिकित्सा संस्था से संपर्क करें और 4 माह से अधिक आयु के सभी गो-भैंसवंशीय पशुओं का नि:शुल्क टीकाकरण अवश्य करवाएं। विभाग ने पशुओं को बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए निर्धारित अवधि में टीकाकरण पूरा कराने की अपील की है।