शाजापुर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के तहत कलेक्टर ऋजु बाफना ने शाजापुर के शहरी क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्यों में खामियां मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता सुधारने और लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने ग्राम सांपखेड़ा में अमृत 2.0 योजना के तहत निर्माणाधीन पार्क का निरीक्षण किया। बाउंड्रीवॉल में जगह-जगह दरारें मिलने पर नाराजगी जताते हुए लोक निर्माण विभाग से निर्माण कार्य की जांच कराने तथा ठेकेदार का भुगतान रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्क की साफ-सफाई, जल निकासी, पेवर ब्लॉक, बाउंड्रीवॉल की मरम्मत तथा गुणवत्तापूर्ण बेंच और झूले लगाने के निर्देश दिए।
वार्ड क्रमांक 26 स्थित लाड़ली लक्ष्मी पार्क में कलेक्टर ने पौधारोपण, साफ-सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। वहीं विजय नगर स्थित नाले की सफाई व गहरीकरण तथा नाले पर सुरक्षा जाली लगाने को कहा।
वार्ड क्रमांक 27 में संजीवनी क्लिनिक के निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य निर्धारित मापदंड और गुणवत्ता के अनुरूप नहीं पाए जाने पर ठेकेदार के खिलाफ ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही खिड़की व जाली लगाने, पानी के सीपेज की मरम्मत और बाउंड्रीवॉल निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने को कहा।
कलेक्टर ने नगर पालिका कार्यालय के पीछे और लालघाटी में निर्माणाधीन ओवरहेड टैंक (ओएचटी) का भी निरीक्षण किया तथा जल निगम के माध्यम से निर्माण कार्य की जांच कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम मनीषा वास्कले, डिप्टी कलेक्टर नेहा गंगारे, नगर पालिका सीएमओ भूपेंद्र दीक्षित सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।