शाजापुर। जिले ने स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा जारी परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स फॉर डिस्ट्रिक्ट्स (PGI-D) 2025-26 में मध्यप्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। जिले ने 600 अंकों में से 318 अंक हासिल किए हैं।
शैक्षणिक परिणामों में बेहतर प्रदर्शन-
PGI-D की आउटकम्स श्रेणी में शाजापुर ने 290 में से 171 अंक प्राप्त किए। वहीं इफेक्टिव क्लासरूम ट्रांजैक्शन में 90 में से 50 और गवर्नेंस प्रोसेसेस में 84 में से 46 अंक मिले। जिले के विद्यार्थियों ने इससे पहले NAS में भी कक्षा 3 में प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया था।
मेंटoring और समीक्षा से सुधरी शिक्षा व्यवस्था-
पिछले तीन वर्षों से कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना के निर्देशन में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए मेंटरिंग, शिक्षक प्रशिक्षण, विद्यार्थियों की ट्रैकिंग और नियमित समीक्षा पर विशेष जोर दिया गया। विद्यालय से लेकर जिला स्तर तक लगातार मॉनिटरिंग कर आवश्यक सुधार किए गए।
कलेक्टर ने दी बधाई-
कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने इस उपलब्धि पर शिक्षकों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों और अकादमिक टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि PGI-D में प्रदेश में तीसरा स्थान जिले के पूरे शिक्षा परिवार की मेहनत का परिणाम है। यह उपलब्धि आगे और बेहतर करने की प्रेरणा है।
उन्होंने कहा कि रैंक अंतिम लक्ष्य नहीं है। जिले में हर बच्चे के सीखने के स्तर को बेहतर बनाने के लिए मेंटरिंग, प्रशिक्षण, ट्रैकिंग और समीक्षा की प्रक्रिया को और मजबूत किया जाएगा।