उज्जैन। माधव नगर थाना क्षेत्र के दमदमा में गाड़ी हटाने को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने शनिवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपी उठक-बैठक करते हुए भी नजर आए।
थाना प्रभारी गजेंद्र पचौरिया ने बताया कि शुक्रवार रात दमदमा क्षेत्र में विवाद के दौरान एक युवक की हत्या कर दी गई थी। मामले में कुल सात आरोपियों के शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस ने इनमें से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी घटना के बाद पुलिस से बचने के लिए भागने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद आरोपियों को मौके पर ले जाकर घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की भी तलाश जारी है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वारदात में कौन-कौन शामिल था।
गौरतलब है कि दमदमा क्षेत्र में गाड़ी हटाने को लेकर हुए मामूली विवाद के बाद यश मित्तल पर चाकू से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल यश की मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।