खरगोन। भादौ दूज पर निकलने वाला खरगोन का प्रसिद्ध शिवडोला प्रदेश के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल है। शिवडोला की भव्यता को देखते हुए आयोजन समिति के साथ विभिन्न स्वागतकर्ताओं और जिला एवं पुलिस प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारियां की हैं। हजारों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक रविंद्र वर्मा ने बताया कि शिवडोला में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट है। शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है, जिसमें स्थानीय पुलिस के साथ विशेष रिजर्व बल भी शामिल है। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा कर्मियों की विशेष तैनाती की गई है।
चल समारोह के पूरे मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी रखी जाएगी। मुख्य मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर विशेष नजर रहेगी। पुलिस के आला अधिकारी भी लगातार गश्त कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष प्लान तैयार किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही के साथ आम लोगों को भी परेशानी न हो।
एसपी रविंद्र वर्मा ने आमजन से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या परेशानी की स्थिति में तत्काल नजदीकी पुलिसकर्मी या कंट्रोल रूम को सूचना देने की अपील की गई है।
प्रशासन का कहना है कि सभी जरूरी सुरक्षा और व्यवस्थागत इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में शिवडोला में शामिल होकर धार्मिक आयोजन का आनंद ले सकें।