नीमच। माहेश्वरी समाज नीमच के तत्वावधान में जाजू बिल्डिंग के पास स्थित 104 वर्ष पुराने प्राचीन श्रीराम मंदिर में सावन मास उत्सव का समापन पूर्णाहुति एवं यज्ञ के साथ हुआ। धार्मिक अनुष्ठान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया।
समाज की ओर से पहली बार पूरे सावन मास में प्रतिदिन महेश्वर महादेव का रुद्राभिषेक पंडित जीवन तिवारी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कराया गया। इस दौरान भगवान शिव, गणेश, माता पार्वती, कार्तिकेय एवं नंदी का आकर्षक पुष्प श्रृंगार किया गया। भगवान की आराधना से जुड़े मधुर भजनों की प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पूजा स्थल पर अक्षत एवं स्वास्तिक की रंगोली सजाई गई और दीप प्रज्वलित कर श्रीफल एवं नैवेद्य अर्पित किया गया। समाजजनों ने परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए देवी-देवताओं का स्मरण किया। ब्रह्मा, विष्णु, महेश, श्रीराम दरबार, चारभुजानाथ, गणेश, नवग्रह, चित्रगुप्त, महालक्ष्मी एवं हनुमानजी सहित विभिन्न देवी-देवताओं का मंत्रोच्चार के साथ पूजन किया गया। यज्ञ में पंचामृत एवं घी से आहुतियां दी गईं।
सावन सोमवार को हुआ विशेष श्रृंगार-
सावन मास के प्रत्येक सोमवार को महेश्वर महादेव का विशेष एवं आकर्षक श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर में स्वचालित चलचित्र झांकी भी सजाई गई। हरियाली अमावस्या एवं रक्षाबंधन पर्व पर भी विशेष धार्मिक आयोजन हुए। श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर झांकियों के दर्शन कर पुण्य लाभ लिया।
मंदिर को रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी से आकर्षक रूप से सजाया गया। प्रतिदिन शाम 7 बजे आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया। वहीं प्रतिदिन रात 9 से 10 बजे तक झूला उत्सव भी आयोजित किया गया।
माहेश्वरी समाज अध्यक्ष सत्यनारायण जागेटिया एवं मीडिया प्रभारी ललित राठी ने बताया कि पूरे सावन मास आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। उन्होंने आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लाभार्थी परिवारों एवं समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष निर्मल दरक, मंदिर प्रमुख सत्यनारायण तोतला, दीपक बाहेती, महेश माहेश्वरी सहित कार्यकारिणी सदस्य, मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में वरिष्ठ समाजजन उपस्थित रहे।