खरगोन। भादौ पड़वा के अवसर पर खरगोन शहर के तालाब चौक, टवड़ी मोहल्ला, पहाड़सिंगपुरा और मोतीपुरा क्षेत्र में परंपरागत भुजरिया पर्व का उत्साह देखने को मिला। नौ दिनों तक जवारे रूपी भुजरिया माता की सेवा और पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने उत्सवी माहौल में विसर्जन चल समारोह निकाला।
रघुवंशी, दांगी, यादव, सोनी, पाल, प्रजापति, लश्करी और धोबी समाज के लोगों ने भक्ति भाव के साथ पर्व मनाया। विसर्जन से पहले अलग-अलग समाजों की ओर से निकाले गए चल समारोह के कारण पूरे क्षेत्र में धार्मिक और उत्सवी माहौल बना रहा।
शाम होते ही महिलाएं टोकरियों में जवारे रूपी भुजरिया माता को विराजित कर उन्हें शिरोधार्य करते हुए घरों से निकलीं। इसके बाद समाज की महिलाओं के एकत्र होने पर सामूहिक रूप से शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-ताशों और बैंड-बाजों की धुन पर निकले चल समारोह ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
चल समारोह के दौरान अखाड़ा कलाकारों ने विभिन्न शौर्य प्रदर्शनों का प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कलाकारों के हैरतअंगेज करतबों ने लोगों को रोमांचित कर दिया।
श्रद्धालुओं ने बताया कि भुजरिया पर्व श्रद्धा, आस्था और विश्वास का प्रतीक है। वर्षों से चली आ रही इस परंपरा को समाजजन पूरे उत्साह और भक्ति के साथ निभाते आ रहे हैं। नौ दिनों तक माता की सेवा के बाद विसर्जन के साथ पर्व का समापन किया गया।