रतलाम। हॉकी के महान खिलाड़ी एवं ‘हॉकी के जादूगर’ मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस पर पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल में विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। रतलाम मंडल खेलकूद संघ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य रेलकर्मियों को खेल एवं शारीरिक गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करना तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।
‘फिट इंडिया मूवमेंट’ के तहत ‘खेलेगा इंडिया, जीतेगा भारत’ थीम पर 29 अगस्त को रतलाम मंडल में विभिन्न खेल एवं फिटनेस गतिविधियां आयोजित की गईं।
मंडल कार्यालय परिसर से रेलवे फुटबॉल ग्राउंड तक दौड़ का आयोजन किया गया। इसमें मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार सहित मंडल के शाखाधिकारी, अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं खेलकूद से जुड़े रेलकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दौड़ के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
इसके अलावा रतलाम वॉलीबॉल ग्राउंड पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए वॉलीबॉल मैच आयोजित किया गया। रेलकर्मियों ने खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में सहभागिता की। खेल गतिविधियों के माध्यम से टीम भावना, अनुशासन, आपसी समन्वय एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर रतलाम मंडल खेलकूद संघ ने रेलकर्मियों से नियमित रूप से खेल एवं शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने तथा दैनिक जीवन में फिटनेस को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। कार्यक्रम का आयोजन रतलाम मंडल खेलकूद संघ के सचिव पीयूष पांडेय के निर्देशन में किया गया।