कंजार्डा। ग्राम भारती द्वारा संचालित स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर में रक्षाबंधन पर्व हर्षाेल्लास एवं भ्रातृभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में विद्यालय के भैया-बहनों ने एक-दूसरे को रक्षासूत्र (राखी) बांधा और मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। वहीं विद्यालय की आचार्या दीदियों ने भी आचार्य परिवार के सदस्यों को राखी बांधकर पर्व की खुशियां साझा कीं तथा सभी के सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
कार्यक्रम प्रधानाचार्य घनश्याम मालवीय के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को रक्षाबंधन पर्व के सांस्कृतिक, सामाजिक एवं पारिवारिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देता है।
कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त आचार्य परिवार एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आयोजन ने विद्यालय परिसर में उत्सव एवं पारिवारिक वातावरण का माहौल बना दिया।